उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान के तहत ‘पवित्र धारा वन’ की स्थापना की

लखनऊ, 09 जुलाई 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर के चिलुआताल के किनारे खाद कारखाना परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ के अंतर्गत पौधरोपण कर ‘पवित्र धारा वन’ की स्थापना की। इस अवसर पर उन्होंने किसानों और अन्य लोगों को पौधों का वितरण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि वर्तमान को संवारने और भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक लगभग 32 करोड़ पौधे रोपे जा चुके हैं। यह अभियान माँ की स्मृतियों को जीवंत रखने और धरती माता के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने का अवसर प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि अनियोजित और अवैज्ञानिक सोच के कारण विश्व इस संकट से जूझ रहा है। उन्होंने 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए लक्ष्यों का उल्लेख किया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में 5 लाख हेक्टेयर में वनाच्छादन बढ़ा। पिछले 8 वर्षों में प्रदेश में 204 करोड़ वृक्षारोपण किए गए, जो देश में सर्वाधिक है।

उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन और एलईडी लाइट्स के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आई। प्रदेश सरकार किसानों को प्रोत्साहन के रूप में 5 वर्ष तक पेड़ सुरक्षित रखने पर प्रति पेड़ 6 डॉलर (लगभग 500 रुपये) का भुगतान करती है। इस वर्ष 42 लाख रुपये किसानों को वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने चिलुआताल के पुनरुद्धार की घोषणा की और कहा कि इसे रामगढ़ताल की तरह विकसित किया जाएगा। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि प्रदेश ने 5 लाख हेक्टेयर में वृक्षारोपण कर देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री के.पी. मलिक, जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button