उत्तर प्रदेशसरकारी योजना

‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महा अभियान-2025 की तैयारियां जोरों पर, मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों संग किया संवाद

लखनऊ, 06 जुलाई 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सरकारी आवास से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महा अभियान-2025 के सफल आयोजन के लिए प्रदेश के सभी महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक पंचायत सदस्य, पार्षद और ग्राम प्रधानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अभियान को जन आंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप शुरू हुआ यह अभियान सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए जलवायु संतुलन बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश का वन आच्छादन 9% से बढ़कर 10% हो गया है, जिसके चलते हरित आवरण वृद्धि में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। वर्ष 2017 से 2024 तक हरित आवरण में 5 लाख एकड़ की वृद्धि हुई, जिसमें 2021 से 2023 के बीच 1 लाख 38 हजार एकड़ की बढ़ोतरी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2070 तक कार्बन उत्सर्जन को नेट जीरो तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए किसानों को अपने खेतों की मेड़ पर पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित किया जाए। पांच वर्ष बाद कार्बन क्रेडिट के तहत किसानों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पिछले वर्ष 32 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया गया, जबकि इस वर्ष सात मंडलों (देवीपाटन, अयोध्या, झांसी, मीरजापुर, कानपुर, वाराणसी और अलीगढ़) के किसानों को 42 लाख 20 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा।

नदियों के पुनरुद्धार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां धरती माँ की धमनियां हैं। इनके संरक्षण के लिए जनप्रतिनिधियों को अभियान चलाने की जरूरत है। साथ ही, कुपोषित परिवारों को सहजन के पौधे वितरित किए जा रहे हैं, जो राष्ट्रीय पोषण अभियान को भी मजबूती देगा।

वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग के कारण तापमान में वृद्धि, अनियमित वर्षा और बाढ़ जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। सभी नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और उनकी सुरक्षा करने का आग्रह किया। उन्होंने किसानों से ‘हर खेत पर मेड़, मेड़ पर पेड़’ के तहत पौधरोपण करने और नदियों, तालाबों व पार्कों में वृक्ष लगाने की अपील की।

मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वृक्षारोपण महा अभियान-2025 का शुभारंभ 09 जुलाई से होगा। वर्ष 2017 से 2024 तक 204 करोड़ पौधे लगाए गए, जो उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा पौधारोपण है।

मुख्यमंत्री ने आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, सम्भल के बबराला नगर पंचायत अध्यक्ष हर्ष वर्धन और जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने अभियान की सफलता के लिए अपनी तैयारियां पूरी होने का आश्वासन दिया।

यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button