
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेनई पुल के पास शारदा नहर में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नहर में शव उतराता देखा तो इसकी सूचना तत्काल माखी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। प्राथमिक जांच में शव लगभग 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव की पहचान करना कठिन हो रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक (SI) अजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) मोहन लाल, कांस्टेबल विनोद गुर्जर तथा कांस्टेबल शैलेन्द्र सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों तथा गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है, ताकि मृतक के संबंध में जानकारी प्राप्त हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के परिजन या परिचित पिछले कुछ दिनों से लापता हैं तो वे माखी थाना पुलिस से संपर्क कर पहचान की प्रक्रिया में सहयोग करें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव की शिनाख्त के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्यूरो चीफ — संदीप कुमार, जन संकल्प न्यूज



