Uttarakhand News: टिहरी के ताच्छला मोड़ पर भीषण हादसा, कांवड़ियों से भरा ट्रक पलटने से तीन की मौत

Uttarakhand News: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां फकोट के पास ताछला मोड़ पर कांवड़ भंडारे का सामान लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक पलटने के बाद उसमें फंसे यात्रियों को निकालने में बचाव दल और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पूरी तरह से उलट गया और लोग उसके नीचे दब गए। चारों ओर चीख-पुकार मच गई और माहौल बेहद दुखद हो गया।
इस भयानक हादसे के बीच एक ऐसा दृश्य भी सामने आया जिसने सबकी आंखें नम कर दीं। ट्रक के मलबे से जब यात्रियों के खून से लथपथ शव निकाले जा रहे थे, तभी एक चार साल का मासूम बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस बच्चे का नाम नकुल बताया जा रहा है। ट्रक के नीचे दबने के बावजूद इस मासूम को एक खरोंच तक नहीं आई। जब उसे जीवित और स्वस्थ देखा गया तो वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें भर आईं और इसे ईश्वर का चमत्कार कहा गया। उस क्षण सबके चेहरे पर थोड़ी राहत की झलक जरूर दिखाई दी।

हरिद्वार सेवा में जा रहे थे श्रद्धालु, प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे में घायल और मृतक श्रद्धालु दिल्ली और हरियाणा से कांवड़ भंडारे की सेवा में शामिल होने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। रास्ते में ताछला मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में सवार कई लोग नीचे दब गए। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, नरेंद्रनगर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को फकोट अस्पताल भेजा गया जबकि जिनकी हालत गंभीर थी उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। मृतकों की पहचान विक्की, सुनील सैनी और संजय के रूप में की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
चालक ने खोया नियंत्रण, दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं
नरेंद्रनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब नौ बजे फकोट और जाजल के बीच ताछला मोड़ पर हुआ। टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि हादसा खाड़ी से लगभग दो किलोमीटर आगे हुआ। जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया और सभी यात्रियों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारी संजय मिश्रा के अनुसार दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है लेकिन प्राथमिक जांच में पता चला है कि चालक ने तीव्र ढलान पर नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी घायलों का इलाज जारी है।



