SL vs BAN: श्रीलंका-बांग्लादेश मैच में घुसा 7 फीट लंबा सांप, खिलाड़ियों में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल

SL vs BAN: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म होने के बाद अब वनडे सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 2 जुलाई को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। लेकिन इस मैच में एक ऐसा वाकया हुआ जिसने कुछ देर के लिए सभी का ध्यान खेल से हटा दिया। जब बांग्लादेश की टीम लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी तभी कुछ ऐसा हुआ कि खिलाड़ी घबरा गए और खेल रोकना पड़ा। दरअसल बांग्लादेश की पारी की शुरुआत में ही मैदान के अंदर करीब 7 फुट लंबा एक सांप आ गया जिससे हड़कंप मच गया और तुरंत मैच को रोकना पड़ा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
घटना बांग्लादेश की पारी के तीसरे ओवर में हुई जब दो गेंदें ही फेंकी गई थीं। तभी कैमरे में अचानक कुछ रेंगता हुआ नजर आया और जब ज़ूम करके देखा गया तो पता चला कि वो कोई और नहीं बल्कि एक लंबा सांप था। यह देखकर सभी खिलाड़ी चौक गए और अंपायर ने खेल को तुरंत रोक दिया। ग्राउंड स्टाफ ने काफी सतर्कता दिखाते हुए बिना देरी किए उस सांप को मैदान से बाहर निकाल दिया। जब तक सांप मैदान में था तब तक खिलाड़ी मैदान के किनारे जाकर खड़े हो गए और दर्शक भी हैरान रह गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ और कुछ ही देर में खेल दोबारा शुरू हो गया।
#snake #Cricket pic.twitter.com/Y5KMfE94aZ
— ABHISHEK PANDEY (@anupandey29) July 3, 2025
श्रीलंका ने जीता पहला वनडे
अगर बात करें इस मुकाबले की, तो श्रीलंका ने यह मैच एकतरफा अंदाज़ में 77 रनों से जीत लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका की टीम 49.2 ओवर में 244 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में बांग्लादेश की टीम अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई। एक समय उनका स्कोर दो विकेट पर 100 रन था लेकिन इसके बाद पूरी टीम 167 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की तरफ से वानिंदु हसरंगा ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट चटकाए जबकि कमिंदु मेंडिस ने 3 विकेट लिए। इस जीत से श्रीलंका को सीरीज में मनोवैज्ञानिक बढ़त भी मिल गई है।
अब 5 जुलाई को होगा दूसरा मुकाबला
अब इस सीरीज का अगला मुकाबला 5 जुलाई को इसी प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि अगला मुकाबला और भी रोमांचक होगा और किसी तरह की बाधा मैदान में नहीं आएगी। हालांकि श्रीलंका में मैच के दौरान सांपों का मैदान में आना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई मुकाबलों में ऐसे दृश्य देखने को मिल चुके हैं। मैदान के ग्राउंड स्टाफ की चुस्ती ने इस बार बड़ी मुसीबत टाल दी। अब सभी की निगाहें दूसरे वनडे पर टिकी हैं और देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश की टीम वापसी कर पाती है या श्रीलंका एक और जीत दर्ज करके सीरीज पर कब्जा कर लेता है।



