उत्तर प्रदेशलाइफ स्टाइल
Trending

ओडिशा में दिल दहला देने वाला हादसा: चिप्स का पैकेट फटने से 8 वर्षीय बच्चे की आंख की रोशनी गई

गैस चूल्हे की आग के संपर्क में आते ही हुआ जोरदार धमाका, घर में मची अफरा-तफरी

ओडिशा से एक इंतिहाई दर्दनाक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। इस हादसे ने न सिर्फ एक मासूम बच्चे की जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। मामूली सी लापरवाही किस तरह बड़े हादसे में बदल सकती है, यह घटना उसकी ताजा मिसाल है। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना ओडिशा के एक रिहायशी इलाके की है। यहां रहने वाला 8 साल का बच्चा रोज की तरह ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौटा था। घर आने से पहले उसने पास की एक दुकान से चिप्स का पैकेट खरीदा। उस वक्त बच्चे की मां किचन में खाना बना रही थीं और गैस चूल्हा जल रहा था। इसी बीच मां कुछ देर के लिए किसी काम से किचन के बाहर चली गईं। बताया जा रहा है कि मां के बाहर जाते ही बच्चा चिप्स का पैकेट लेकर किचन में पहुंच गया। अचानक उसके हाथ से चिप्स का पैकेट फिसलकर गैस चूल्हे के बेहद पास जा गिरा। आग की सीधी लपट के संपर्क में आते ही पैकेट तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे घर में हड़कंप मच गया।परिवार के लोगों के मुताबिक, धमाके की शिद्दत इतनी ज्यादा थी कि बच्चे की एक आंख बुरी तरह जख्मी हो गई। विस्फोट के दौरान आंख की पुतली बाहर आ गई और आंख पूरी तरह नष्ट हो गई। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि आंख को बचाना मुमकिन नहीं है और बच्चे की उस आंख की रोशनी हमेशा के लिए जा चुकी है। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि चिप्स के पैकेट में बंद हवा और गैस, आग के संपर्क में आने पर तेजी से फैलती है, जिससे इस तरह का धमाका हो सकता है। यह घटना एक सख्त चेतावनी है कि बच्चों को गैस चूल्हे और आग से दूर रखना कितना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button