शारदा नहर की पटरी पर मिला अज्ञात नौजवान का शव, गला दबाकर क़त्ल की आशंका से माखी इलाके में ख़ौफ

उन्नाव माखी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शारदा नहर की पटरी के पास झाड़ियों में एक अज्ञात नौजवान का शव बरामद हुआ। सुनसान जगह पर लावारिस हालत में पड़े शव को देखकर प्रथम दृष्टया बेरहमी से क़त्ल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत और जिस्म पर मिले निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। जानकारी के मुताबिक, मेहरबानखेड़ा गांव के पास शारदा नहर की पटरी से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर माखी पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के गले पर रस्सी या किसी सख्त चीज से दबाव के गहरे निशान पाए गए हैं। वहीं उसकी नाक से खून बहने के निशान भी मौजूद थे। शरीर की स्थिति देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक ने मौत से पहले काफी तड़प झेली होगी। घटनास्थल के आसपास कई लोगों के जूतों के निशान मिलने से यह शक और गहरा हो गया है कि वारदात को अंजाम देने में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी गई है। उसने नीले रंग का लोवर, पीली धारियों वाली नीली टी-शर्ट, पीले कॉलर की ब्राउन इनर जैकेट और काले जूते पहन रखे थे। चेहरे पर हल्की दाढ़ी और मूंछ है। पुलिस को यह भी शक है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने की नीयत से शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। आस-पास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी और क़त्ल के पीछे की कहानी सामने आएगी। फिलहाल इस नृशंस वारदात से पूरे माखी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के दिलों में डर और बेचैनी साफ नजर आ रही है। लोग जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, ताकि इलाके में अमन और चैन बहाल हो सके। ब्यूरो रिपोर्ट-रोहित कुमार त्रिपाठी, जन संकल्प न्यूज


