बुलंदशहर में आधी रात को बड़ा एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी बदमाश जुबैर ढेर, 47 क्रिमिनल केस थे दर्ज

बुलंदशहर पुलिस ने शनिवार आधी रात को एक बड़े एनकाउंटर में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जुबैर उर्फ पीटर को मार गिराया है। लंबे समय से पुलिस की नजर में चल रहे इस बदमाश पर लूट, डकैती, चोरी समेत 47 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसकी कई बार तलाश की लेकिन वह हर बार छुपने में सफल हो जाता था। शनिवार रात पुलिस की चेकिंग के दौरान जुबैर और उसका साथी बाइक पर आते हुए देखे गए। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो दोनों ने फायरिंग करते हुए भागना शुरू कर दिया। देहात थाना और गुलावठी थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से पीछा कर घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जुबैर घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एनकाउंटर के दौरान पुलिस के एक जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंधेरे का फायदा उठाकर जुबैर का साथी भागने में सफल रहा। मौके से पुलिस ने एक पिस्तौल, कारतूस और बाइक बरामद की है।
जुबैर मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। 2 नवंबर 2025 को बुलंदशहर कोतवाली देहात में उसने एक व्यक्ति से मोबाइल, बाइक और नकदी लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा गुलावठी थाना क्षेत्र से 18 बकरे चोरी करने के मामले में भी वह फरार था।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जुबैर और उसका साथी किसी वारदात को अंजाम देने के लिए देहात आए थे। पुलिस की कार्रवाई में एनकाउंटर हुआ और बदमाश ढेर हो गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शांति और सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।


