वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, अजगैन स्टेशन पर मचा हड़कंप
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्टेशन पर हड़कंप मच गया।

जनपद उन्नाव के अजगैन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस जब अजगैन स्टेशन से गुजर रही थी, तभी भौली गांव निवासी रामसजीवन धानुक (उम्र लगभग 40 वर्ष) ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयानक था कि उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रामसजीवन धानुक पुत्र गंगाराम के रूप में हुई है, जो थाना अजगैन क्षेत्र के भौली गांव के रहने वाले थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्टेशन पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
रेलवे प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस अत्यधिक रफ्तार से गुजर रही थी, उसी दौरान यह दर्दनाक घटना घटी।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अक्सर रेलवे लाइन के किनारे से गुजरते थे। संभवतः उन्होंने ट्रेन को आते हुए नहीं देखा, जिसके चलते यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। लोग रेलवे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
जन संकल्प न्यूज़ आपसे अपील करता है कि रेलवे ट्रैक के पास सतर्कता बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। एक छोटी सी लापरवाही बड़ी त्रासदी बन सकती है।
✍️ रिपोर्ट: रोहित कुमार त्रिपाठी
जन संकल्प न्यूज़, उन्नाव


