Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली में यमुना उफान पर, गुरुग्राम की सड़कें बनी झील! हर अपडेट पढ़ें अंदर की पूरी खबर

Delhi-NCR Weather Today: उत्तर भारत में जारी मानसून की झमाझम बारिश ने दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार को थाम दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद और गुरुग्राम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह पानी भरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों को घंटों तक सड़कों पर रोक दिया। गुरुग्राम में सोमवार शाम करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। मंगलवार को भी नोएडा और गाज़ियाबाद में तेज़ बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी।
गुरुग्राम की सड़कों पर भारी जलभराव, इन रास्तों से बचें
लगातार बारिश के कारण गुरुग्राम के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। हीरो होंडा चौक, सोहना रोड, नार्सिंगपुर सेक्शन (NH-48), आईएफएफसीओ चौक और सेक्टर-29, 31 जैसे अहम स्थानों पर पानी भरने से ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित रहा। गोल्फ कोर्स रोड और एमजी रोड पर घुटनों तक पानी भरा रहा, जिससे गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई। ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे इन भीड़भाड़ वाले रूट्स से न गुजरें। सोमवार शाम ऑफिस से घर लौटने वाले लोगों को घंटों तक जाम में फंसा रहना पड़ा। बसों और दोपहिया चालकों को तो सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
#WATCH | Delhi | Visuals from Loha Pul where the Yamuna River is flowing above the danger level following incessant rainfall since yesterday
Traffic and public movement on Loha Pul to be stopped from 1700 hours on 2nd September due to rising water level in the Yamuna river, as… pic.twitter.com/Yk0YOMJR14
— ANI (@ANI) September 2, 2025
दिल्ली-एनसीआर में लंबा जाम, यमुना का जलस्तर खतरे के पार
राजधानी दिल्ली में भी सोमवार को भारी बारिश ने यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया। कई इलाकों में घंटों लंबा जाम लगा रहा और लोग गाड़ियों की कतारों में फंसे रहे। इस बीच, लगातार बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर लोहे के पुल पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। शाहदरा के जिला मजिस्ट्रेट ने ऐहतियातन 2 सितंबर शाम 5 बजे से लोहे के पुल पर वाहनों और आम जनता की आवाजाही पर रोक लगा दी। मंगलवार सुबह यमुना का पानी निचले इलाकों में घरों तक पहुंच गया। मयूर विहार और यमुनापार क्षेत्र के कई हिस्सों में घरों में पानी घुसने की तस्वीरें सामने आईं।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में लगातार बारिश से स्थिति और बिगड़ सकती है। गुरुग्राम के सिग्नेचर टावर चौक के अंडरपास में पानी भरने से ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, एक फ्लाईओवर पर रिसाव की भी खबर सामने आई है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को घर से निकलते समय सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
गुरुग्राम में स्कूल बंद और वर्क फ्रॉम होम का आदेश
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने सोमवार देर रात एक नई एडवाइजरी जारी की। इसमें सभी कॉर्पोरेट और निजी दफ्तरों को कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिले के सभी स्कूलों को 2 सितंबर तक ऑनलाइन क्लासेस लेने का आदेश दिया गया है। गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर ने एक्स (X) पर साझा की गई जानकारी में बताया कि सोमवार दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे के बीच शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रशासन का कहना है कि हालात को देखते हुए अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।



